भक्ति के रंग में रंगा बेगमगंज, मां खेड़ापति को अर्पित की विशाल चुनरी

पंचमुखी हनुमान मंदिर से निकली भव्य चुनरी यात्रा, ढोल-नगाड़ों और माता रानी के जयकारों से गूंजा नगर
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला, जब हिंदू युवा सेवा दल के तत्वावधान में श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर से मां खेड़ापति माता मंदिर तक विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर माता रानी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। मां खेड़ापति को विशाल चुनरी अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की गई।
चुनरी यात्रा का शुभारंभ श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर से हुआ। यात्रा नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, गांधी बाजार, कबीट चौराहा और काजी मोहल्ला सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मां खेड़ापति माता मंदिर पहुंची। यहां विधि- विधान से पूजा- अर्चना के बाद माता रानी को विशाल चुनरी अर्पित की गई तथा चढ़ावा चढ़ाकर आशीर्वाद लिया गया।
यात्रा के दौरान पूरा नगर भक्तिमय नजर आया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, अखाड़ों के प्रदर्शन और डीजे पर गूंजते भक्ति गीतों ने श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह भर दिया। मां के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव के साथ यात्रा में आगे बढ़ते रहे। नगर के विभिन्न स्थानों पर चुनरी यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
इस धार्मिक आयोजन में मातृशक्ति की विशेष सहभागिता रही। बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में चुनरी लेकर यात्रा में शामिल हुईं और माता रानी के जयकारे लगाते हुए मंदिर तक पहुंचीं। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने नगर के धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।
विशाल चुनरी यात्रा में पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह, क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र पटेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मलखान सिंह जाट, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह तोमर, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष सचिन नेमा, हिंदू युवा सेवा दल अध्यक्ष प्रदीप लोधी और महामंत्री राघव पटेल, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
हिंदू युवा सेवा दल के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली। माता रानी के जयकारों के बीच निकली विशाल चुनरी यात्रा ने नगर को भक्तिमय रंग में रंग दिया।
फोटो : मां खेड़ापति माता मंदिर के लिए निकाली गई विशाल चुनरी यात्रा में शामिल श्रद्धालु।



