ग्रेस मिशन स्कूल में मनाया गया विश्व खाद्य दिवस, विद्यार्थियों ने दिया भोजन बचाने का संदेश

पौष्टिक आहार के महत्व और खाद्य सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, पोस्टर, स्लोगन, नाटक एवं नृत्य से दिया जागरूकता का संदेश
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ग्रेस मिशन इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, स्लीमनाबाद में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया । कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को भोजन के महत्व, पौष्टिक आहार, खाद्य सुरक्षा तथा भोजन की बर्बादी रोकने के प्रति जागरूक करना था ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. शिवम दुबे का विद्यालय स्टाफ द्वारा पुष्पों से स्वागत किया गया । उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि स्वस्थ जीवन के लिए हरी सब्जियां, फल, दालें, अनाज तथा पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी का सेवन आवश्यक है । उन्होंने विद्यार्थियों को जंक फूड से बचने और स्वस्थ खानपान की आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया ।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पोस्टर, स्लोगन, नाटक एवं नृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से “भोजन बचाएं, जीवन बचाएं” का संदेश दिया । बच्चों को भोजन का सम्मान करने, अपनी थाली में जरूरत के अनुसार ही भोजन लेने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के लिए प्रेरित किया गया । विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से भोजन की बर्बादी रोकने और समाज में खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया ।
विद्यालय के प्राचार्य जी. आर. भारद्वाज ने अपने संदेश में कहा कि भोजन केवल हमारी आवश्यकता ही नहीं, बल्कि जीवन का आधार है । हमें अन्न के प्रत्येक दाने का सम्मान करना चाहिए और भोजन की बर्बादी रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने चाहिए । उन्होंने विद्यार्थियों से इस संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया ।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे । कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि सभी विद्यार्थी भोजन की बर्बादी नहीं करेंगे तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे ।



