मध्य प्रदेश

चांदनी चौक साईखेड़ा में उमड़ा आस्था का जनसैला

नौ देवियों की जीवंत झांकी पर हुई भव्य संगीतमय महाआरती
दशहरे पर डीजे पर प्रतिबंध
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
सिलवानी। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर सिलवानी तहसील के अंतर्गत आने वाले नगर साईखेड़ा के चांदनी चौक क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का एक अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। नवरात्रि के छठे दिन नगर के चांदनी चौक विहिबाले मोहल्ले में स्थित सिंह वाहिनी देवी दुर्गा जी की झांकी पर एक भव्य और अलौकिक महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
*नौ देवियों के जीवंत स्वरूप ने मोहा भक्तों का मन*
आयोजन समिति द्वारा आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य आकर्षण नौ कन्याओं का नवदुर्गा स्वरूप रहा। छोटी-छोटी कन्याओं को माता रानी के नौ अलग-अलग स्वरूपों में बेहद भव्य और आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इन नौ देवियों के साक्षात दर्शन पाकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरा पंडाल ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा।
*घर-घर से सजी थालियां लेकर पहुंचे श्रद्धालु*
उत्सव को लेकर चांदनी चौक सहित पूरे नगरवासियों में भारी उत्साह देखा गया। महिला व पुरुष श्रद्धालु अपने-अपने घरों से सुंदर ढंग से दीये और पूजा की थालियां सजाकर भजन-कीर्तन करते हुए माता के दरबार पहुंचे। रास्ते भर माता के भजनों पर झूमते-गाते भक्तों की टोली ने पूरे साईखेड़ा नगर को धर्ममय बना दिया।
*संगीतमय महाआरती में गूंजा ‘शिवोंकारा*’
पंडाल में उपस्थित हजारों भक्तों ने एक साथ मिलकर भगवान श्री गणेश जी, शिवोंकारा और माता दुर्गा जी की संगीतमय महाआरती उतारी। ढोल-नगाड़ों और शंख ध्वनि के बीच हुई इस महाआरती का दृश्य अत्यंत विहंगम और अलौकिक था। घर-घर से सजाकर लाई गई थालियों की रोशनी से पूरा चांदनी चौक विहिबाला मोहल्ला जगमगा उठा।
*प्रशासनिक नियमों का पालन कानफोड़ू साउंड से भक्तों ने किया परहेज*
इस वर्ष चांदनी चौक व साईखेड़ा नगर में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर माता रानी की झांकियों को सजाया गया है, जहां एक सराहनीय बदलाव देखने को मिला। क्षेत्र के श्रद्धालु और समितियां कानफोड़ू (तेज) साउंड से परहेज करते नजर आए हैं। पूरे नगर में छोटे-छोटे साउंड बॉक्स का उपयोग कर मर्यादित आवाज में भक्ति संगीत का आनंद लिया जा रहा है। इसके साथ ही, स्थानीय प्रशासन द्वारा निर्धारित रात 11 बजे तक की समय सीमा का पूर्ण पालन करते हुए सभी कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है।
*विशेष कलाकारों ने रात्रि जागरण में बांधा समां*
महाआरती के समापन के पश्चात एक विशाल रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। इसमें बाहर से आए विशेष भजन गायकों और कलाकारों ने अपनी सुमुख्य और मधुर प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इस सफल, भव्य और अनुशासित कार्यक्रम के लिए आयोजन समिति ने सभी नगरवासियों एवं पधारे हुए श्रद्धालुओं का सहृदय आभार व्यक्त किया है।
*विसर्जन के दौरान डीजे पर रहेगा प्रतिबंध*
नगर साईखेड़ा में इस वर्ष बहुत ही सुंदर और शांति का माहौल बना हुआ है। माना जा रहा है कि दुर्गा विसर्जन के दौरान प्रशासन की तरफ से डीजे पर पूर्णतः रोक रहेगी। माता रानी की विसर्जन शोभायात्रा बैंड-बाजों, अखाड़ों और संगीतमय झांकियों के साथ परंपरागत रूप से सम्मानपूर्वक निकाली जाएगी।

Related Articles

Back to top button