मध्य प्रदेश

उमरियापान सहित ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गा पंडालों में रातभर रतजगा, रामलीला और रामायण पाठ से भक्तिमय माहौल

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान ।  शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर उमरियापान सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है ।  नगर के दुर्गा पंडालों में रातभर रतजगा कर श्रद्धालु मां जगदंबा की आराधना कर रहे हैं ।  कहीं रामलीला का मंचन हो रहा है, तो कहीं प्रोजेक्टर के माध्यम से रामायण का प्रसारण किया जा रहा है ।  वहीं, दुर्गा पंडालों में माताओं-बहनों द्वारा रामायण पाठ और भजन-कीर्तन किए जा रहे हैं । शाम होते ही आकर्षक देवी झांकियों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है ।
शारदीय नवरात्र के दौरान सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति कटरा बाजार में रामलीला का मंचन किया जा रहा है । रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और आदर्श जीवन के संदेश को प्रस्तुत किया जा रहा है । रामलीला देखने के लिए उमरियापान सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं ।  वहीं, सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति झंडा चौक में प्रोजेक्टर के माध्यम से रामायण का प्रसारण किया जा रहा है, जहां श्रद्धालु एकत्रित होकर भगवान श्रीराम की लीलाओं का श्रवण और दर्शन कर रहे हैं।
नगर के विभिन्न दुर्गा पंडालों में धार्मिक आयोजनों की धूम है ।  कहीं महिलाएं सामूहिक रूप से रामायण पाठ कर रही हैं, तो कहीं भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से माता की आराधना की जा रही है ।  शाम के समय सजे-धजे पंडालों में आकर्षक देवी झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं ।  माता के दर्शन और पूजा- अर्चना के लिए देर रात तक भक्तों का पहुंचना जारी है ।
*ग्रामीण क्षेत्रों में भी नवरात्र की धूम*
उमरियापान के साथ समीपस्थ ग्राम पचपेड़ी, पकरिया, मंगेली, टोला, बरेली, हरदी, बम्हनी, महनेर, बहनरी और बहनेरा सहित आसपास के गांवों में भी शारदीय नवरात्र का उत्साह देखने को मिल रहा है ।  ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जा रहा है ।  गांवों के पंडालों में भी धार्मिक आयोजन, भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण का सिलसिला जारी है ।
नवरात्र के इन दिनों में पूरा क्षेत्र माता की भक्ति में सराबोर है ।  दुर्गा पंडालों में गूंजते जयकारों, भजनों और धार्मिक आयोजनों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है ।  श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं ।

Related Articles

Back to top button