मध्य प्रदेश

सरस्वती शिशु मंदिर प्रतापगढ़ में नवदुर्गा झांकी का पूजन-अर्चन संपन्न

सिलवानी। प्रतापगढ़ स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में शनिवार, 17 अक्टूबर को मां दुर्गा की भव्य झांकी सजाकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। विद्यालय में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा विद्या, बुद्धि और शक्ति की कामना की।
उल्लेखनीय है कि विद्यालय विद्या भारती मध्यभारत प्रांत, भोपाल के मार्गदर्शन में स्वर्गीय प्रीति शिक्षा समिति, सियरमऊ द्वारा संचालित है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र सिंह यादव ने दुर्गा उत्सव के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नवरात्रि शक्ति, भक्ति और संस्कार का पर्व है। मां दुर्गा के नौ स्वरूप हमें नारी शक्ति, त्याग, करुणा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम समिति के पदाधिकारी, आचार्य परिवार तथा विद्यालय के समस्त भैया-बहिन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए आयोजन का समापन किया।

Related Articles

Back to top button