टेक्नोलॉजीमध्य प्रदेश

महाविद्यालय में तीन दिवसीय राष्ट्रीय विज्ञान दिवस समारोह का भव्य आयोजन

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन के प्रथम दिवस में विद्यार्थियों और शोधार्थियों में विज्ञान के प्रति जागरूकता फैलाना, वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना और नवाचार की भावना को मजबूत करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्य वाहक प्राचार्य केके साहू ने की, जबकि संपूर्ण आयोजन की व्यवस्था विज्ञान विभाग द्वारा की गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों, व्याख्यानों, वैज्ञानिक पोस्टर प्रस्तुतियों और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान आमंत्रित मुख्य वक्ता डॉ. अखिलेश सोनी प्रभारी प्राचार्य, शासकीय महाविद्यालय, गैरतगंज ने विज्ञान और अनुसंधान के विविध क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को नवीनतम वैज्ञानिक आविष्कारों, अनुसंधान की चुनौतियों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। पीपीटी के माध्यम से उन्होंने विज्ञान दिवस के महत्व को रेखांकित किया और विद्यार्थियों को अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपशिष्ट सामग्री से नए-नए मॉडल तैयार कर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में पर्यावरण संरक्षण, पुनर्चक्रण और टिकाऊ विकास जैसे विषयों पर आधारित मॉडलों की प्रस्तुति की गई जिसका मूल्यांकन डॉक्टर कदंबिनी मिश्रा आकांक्षा सिंह एवं डॉक्टर शिखा दुबे द्वारा किया गया।
विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक विषयों पर पोस्टर तैयार कर अपनी कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को दर्शाया। पोस्टरों में अंतरिक्ष विज्ञान, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन, स्वास्थ्य और प्रौद्योगिकी जैसे विषयों को चित्रित किया गया। पोस्टरों का मूल्यांकन डॉक्टर मनोज जैन, वीर सिंह लोधी एवं डॉक्टर अन्वेष मंसूरी विषय विशेषज्ञों द्वारा किया गया।
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य केके साहू राजनीतिक विज्ञान ने विज्ञान और समाज के आपसी संबंधों पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि कैसे विज्ञान ने मानव जीवन को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और कैसे वैज्ञानिक सोच से सामाजिक समस्याओं का समाधान किया जा सकता है।
डॉ पूजा सिंह एवं अंकित गोयनर ने इस कार्यक्रम का समन्वय किया एवं कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिखा दुबे प्राणी विज्ञान विभाग द्वारा किया गया। उन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया, जिससे सभी गतिविधियाँ समय पर और सफलतापूर्वक संपन्न हो सकीं।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की सराहना की गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस आयोजन में महाविद्यालय के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की, जिससे कार्यक्रम को एक सफल और अनुभव बनाया जा सका। इस प्रथम दिवस समारोह में विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति नई ऊर्जा, जिज्ञासा और अनुसंधान की भावना को जागृत किया।

Related Articles

Back to top button