मध्य प्रदेश

खेत पर बने मकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

लोधी समाज के युवा जिला अध्यक्ष के खेत की घटना
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। जिले के एक गांव में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लोधी समाज के युवा जिला अध्यक्ष अरविंद सिंह ठाकुर के खेत पर बने मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे मकान में रखा गृहस्थी का सामान, कृषि कार्य में उपयोग होने वाली पाइपलाइन एवं अन्य सामग्री जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मकान से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने एकजुट होकर घंटों प्रयास किए, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग बुझाने का प्रयास नहीं किया जाता तो आग आसपास के क्षेत्र में भी फैल सकती थी और नुकसान कहीं अधिक हो सकता था। इस घटना में गृहस्थी का आवश्यक सामान, कृषि उपकरण तथा पाइपलाइन सहित लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने आग लगने के कारणों की जांच कराने की मांग करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता एवं मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। आग बुझाने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और सभी ने मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button