नर्मदा नदी में डूबने से आरुष जैन की मौत

परिवार के साथ गया था स्नान करने
सिलवानी । नगर के समाजसेवी एवं मेडिकल व्यवसायी सुनील कुमार जैन और सचिन कुमार जैन के छोटे भाई सीमांत कुमार जैन उर्फ नीटू के 16 वर्षीय पुत्र आरुष जैन का रविवार देर रात पानी में डूबने से दुखद निधन हो गया। इस हृदय विदारक घटना से न केवल जैन परिवार, बल्कि पूरे नगर में शोक की लहर फैल गई है। आरुष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र और दो बहनों का एकमात्र भाई था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि वह परिजनों के साथ महेश्वर स्थित नर्मदा नदी में स्नान करने गया था। जहां पर वह गहरे पानी में चला गया, हालांकि गोताखोरों ने पानी से निकालकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर किया गया। लेकिन इंदौर पहुंचने से पहले ही उसकी सांसे थम गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरुष इंदौर में रहकर अपनी कोचिंग कर रहा था। उसके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में गहरा शोक व्याप्त हो गया। सोमवार की शाम को नगर के मुक्तिधाम में नम्र आंखों से अंतिम संस्कार किया गया।



