थाने में आरोपी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, टीआई सहित तीन सस्पेंड
जीजा के मर्डर में गिरफ्तार हुआ था; परिजन बोले- चार दिन पहले पुलिस ने पकड़ा
भारी पुलिस बल तैनात
मुरैना । एमपी के मुरैना के सिविल लाइन थाने में रविवार सुबह हत्या के आरोपी ने खुदकुशी कर ली। उसने लॉकअप में अपने गमछे का फंदा बनाया और खिड़की की ग्रिल में फंसाकर फांसी लगा ली। सूचना मिलते ही एसपी समीर सौरभ भी मौके पर पहुंच गए। इस मामले में टी आई, हेड कॉन्स्टेबल और एक कॉन्स्टेबल को सस्पेंड किया गया है।
शनिवार रात करीब 10 बजे बालकृष्ण जाटव उर्फ सनी पुत्र काशीराम जाटव उम्र 31 वर्ष को हत्या के आरोप में पुलिस गिरफ्तार करके लाई थी। दिसंबर 2023 में अशोक जाटव नाम के युवक की हत्या हुई थी। इसी मामले में बालकृष्ण आरोपी था। अशोक रिश्ते में बालकृष्ण का जीजा लगता था।
मौके पर तहसीलदार और एसडीएम के अलावा फोरेंसिक की टीम भी पहुंच गई है। मुरैना एएसपी डॉ. अरविंद ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का था। उसके खिलाफ चार से पांच केस अलग-अलग थानों में दर्ज थे। शुरुआती जांच में गमछे से फांसी लगाया जाना पाया गया है।
सनी लक्ष्मणपुर जलालपुर वार्ड क्रमांक 63 ग्वालियर का रहने वाला था। यहां मुरैना में अपनी मामी के यहां अंबेडकर नगर जौरा रोड पर रहता था। यहां मजदूरी करता था। उसके परिजनों का आरोप है कि उसे पुलिस चार दिन पहले लेकर आई थी। उसकी मौत कैसे हो गई, इसका पुलिस ने सही-सही खुलासा नहीं किया है।
जानकारी के मुताबिक दिसंबर 2023 में सवितापुरा नहर के पास अशोक जाटव नाम के युवक का शव मिला था। संदेह में पुलिस गंगा मालनपुर गांव से सनी जाटव को दबोच कर लाई थी। अशोक आरोपी सनी जाटव का जीजा था। पुलिस को शक था कि सनी जाटव ने ही उसकी हत्या की है। इसलिए उसे शनिवार को गंगा मालनपुर से पकड़कर लाई थी।
थाने में कैदी के फांसी लगाकर आत्महत्या के बाद मौके पर सिविल लाइन थाने पर जिले भर का पुलिस बल तैनात किया गया है।



