मध्य प्रदेश

सिकमीनामा के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, किसान को खेत से खदेड़ने का मामला

पीड़ित किसान ने की ढीमरखेड़ा पुलिस में शिकायत
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में सिकमीनामा के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है । पीड़ित किसान ने दो लोगों पर लाखों रुपये लेने के बाद तय शर्तों का पालन न करने, खेत से भगा देने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है ।
ग्राम बनगवां निवासी सोनू बर्मन पिता नन्हेंराम बर्मन ने ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी को दी शिकायत में बताया कि ग्राम ढीमरखेड़ा निवासी रंजीत पटेल और उसके दामाद सर्वेश पटेल ने कृषि कार्य के लिए ग्राम झिन्ना स्थित खसरा नंबर 628 एवं 631 की लगभग 11 एकड़ भूमि सिकमी पर देने के एवज में उससे 1 लाख 55 हजार रुपये लिए थे ।
शिकायत के अनुसार, अनुबंध की अवधि पूरी होने में करीब पांच महीने शेष थे, लेकिन इससे पहले ही आरोपियों ने उक्त भूमि किसी अन्य व्यक्ति को कृषि कार्य के लिए दे दी । पीड़ित का यह भी आरोप है कि खसरा नंबर 631 की भूमि, जो महर्षि महेश योगी फाउंडेशन के नाम दर्ज है, उसे भी अपनी बताकर सिकमी पर दे दिया गया ।
पीड़ित का कहना है कि अब महर्षि आश्रम प्रबंधन उससे राशि की मांग कर रहा है, जिससे वह आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना कर रहा है । वहीं, जब वह खेत में बोनी करने पहुंचा तो आरोपियों ने कथित रूप से उसके साथ गाली-गलौज की, खेत से भगा दिया और पुलिस में शिकायत करने पर चोरी के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी ।
पीड़ित ने पुलिस को सिकमीनामा, चेक तथा खसरे की प्रतियां सौंपते हुए आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी, धमकी और अनुबंध उल्लंघन के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button