समाज के हर वर्ग के लोगों को संगठन में शामिल करने तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने की अपील
भाजपा की मंडल कार्यसमिति की बैठक संपन्न
सिलवानी। संगठनात्मक गतिविधियों में गति देने, नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों व सिद्धांतों से वाकिफ कराने तथा मंडल भाजपा के नए पदाधिकारियों को उनके दायित्वों व जिम्मेदारियों की जानकारी देने के लिए बुधवार को नगर के नायक गार्डन में मंडल कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। मंडल भाजपा के कार्यकर्ताओं की बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयप्रकाश किरार, विधायक रामपाल सिंह राजपूत, पूर्व जनपद अध्यक्ष तरूवर सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमाकांत शुक्ला, मंडल अध्यक्ष विजय शुक्ला आदि मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक रामपाल सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की व्यवस्था से आम जनता खुश है। उन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं को समाज के हर वर्ग के लोगों को संगठन में शामिल करने तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने की अपील की। विधायक राजपूत द्वारा पूर्व कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा गया। विधायक द्वारा कार्यकर्ताओं को विधानसभा में किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी गई।