शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साईखेड़ा में छात्रों को वितरित की गई साइकिलें

सिलवानी। ग्राम साईखेड़ा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साईखेड़ा में कक्षा 6वीं से लेकर 9वीं “बी” तक के छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह योजना मध्य प्रदेश सरकार द्वारा छात्र हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत संचालित की जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा को प्रोत्साहित करने हेतु छात्र-छात्राओं के लिए साइकिल, पुस्तकें, ड्रेस, लैपटॉप एवं स्कूटी जैसी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं विदिशा सांसद, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह की अनुशंसा पर इस योजना का लाभ छात्रों को दिया जा रहा है, जिससे वे समय पर विद्यालय पहुँच सकें तथा शिक्षा में गुणवत्ता बढ़ सके।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा के वरिष्ठ नेता भगवत शरण साहू, पूर्व सरपंच प्रहलाद सिंह रघुवंशी, विद्यालय की प्राचार्य हेमलता दास, नरेंद्र लोधी, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं के अभिभावक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी अतिथियों ने सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए छात्रों से आह्वान किया कि वे इन संसाधनों का सदुपयोग करते हुए शिक्षा में उत्कृष्टता प्राप्त करें और समाज व राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें।



