बेगमगंज में किसानों का बड़ा जनआंदोलन, द्वितीय चरण में गांव-गांव गूंजा आक्रोश
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । एमएसपी, खाद-बीज और बढ़ती लागत पर सरकार का घेराव चल रहा है। कांग्रेस बोली—खेती घाटे का सौदा बन गई, सड़क से विधान सभा तक होगा संघर्ष ।
न्यूनतम समर्थन मूल्य खाद-बीज की किल्लत और खेती की लगातार बढ़ती लागत के विरोध में बुधवार को बेगमगंज तहसील क्षेत्र में किसानों का जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला।
किसान कांग्रेस के नेतृत्व में विशाल किसान जनआंदोलन यात्रा निकाली गई, जो नया बस स्टैंड से शुरू होकर दूसरे चरण में कई गांवों तक पहुंची। यात्रा के दौरान गांव-गांव चौपालों और सभाओं के माध्यम से किसानों से सीधा संवाद किया गया।
दूसरे दिन जनआंदोलन यात्रा टेकापार, रतनहारी, देहगांव, जसरथी, घाना कस्बा और सुल्तानगंज पहुंची।
जहां बड़ी संख्या में किसानों ने सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
किसानों ने एक स्वर में कहा कि आज खेती मुनाफे का नहीं बल्कि घाटे का सौदा बन चुकी है।
प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसानों के साथ छलावा किए जाने का आरोप लगाते हुए विधायक व कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देवेंद्र पटेल ने आम सभा को संबोधित करते हुए कहाकि प्रदेश और केंद्र सरकार किसानों के साथ छलावा कर रही है। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन समर्थन मूल्य उस अनुपात में नहीं बढ़ाया जा रहा।
उन्होंने कहा कि खाद, बीज, डीजल और बिजली के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे किसान कर्ज और संकट में डूबता जा रहा है।
एमएसपी नहीं मिला तो सड़क से विधानसभा तक आंदोलन किया जाएगा।
किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रणजीत ठाकुर ने सरकार से मांग की कि गेहूं और धान का एमएसपी चार हजार रुपए प्रति क्विंटल, सोयाबीन छः हजार रुपए, चना आठ हजार रुपए, मक्का तीन हजार रुपए प्रति क्विंटल तय किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एमएसपी पर खरीदी सुनिश्चित नहीं हुई तो किसान सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष करेंगे।
वही नकली खाद-बीज पर सख्त कानून बनाने की बात करते हुए जनांदोलन यात्रा के संयोजक आदिवासी नेता राजा धर्मवीर सिंह ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य नहीं मिलना सबसे बड़ा अन्याय है। नकली खाद-बीज पर सख्त कानून बनाया जाए, समय पर खाद की उपलब्धता हो, भूमि अधिग्रहण में चार गुना मुआवजा मिले और किसानों पर दर्ज झूठे बिजली प्रकरण तत्काल बंद किए जाए।
केंद्रीय कृषि मंत्री के क्षेत्र में ही किसानों के बेहाल होने की बात करते हुए वरिष्ठ इंका नेता राजेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि यह क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का संसदीय क्षेत्र है, बावजूद इसके किसानों को अपनी उपज का सही दाम नहीं मिल पा रहा। भाजपा सरकार किसानों को ठगने का काम कर रही है। अगर सरकार ने अब भी किसानों की आवाज नहीं सुनी तो आंदोलन और व्यापक रूप लेगा।
बताया गया कि जन आंदोलन यात्रा देर शाम सिलवानी तहसील में प्रवेश कर ग्राम छींद पहुंची जहां रात्रि विश्राम करेगी। यात्रा में बड़ी संख्या में किसान, कांग्रेस पदाधिकारी और ग्रामीण शामिल रहे।
आंदोलन में किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह ठाकुर, वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह तोमर, यात्रा प्रभारी विजय पहलवान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, नगर व ग्रामीण अध्यक्ष, प्रकाश पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।



