गमी में शामिल होकर लौट रहे बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत

घायल तड़पता रहा 2 घंटे बाद पहुंची 108 डॉक्टर ने किया मृत घोषित
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । रायसेन जिले के बेगमगंज में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है रविवार की शाम करीब 6 बजे मुख्य सागर भोपाल मार्ग ग्राम पलोहा के पास बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मारकर गंभीर घायल कर दिया लोग तमाशाई बने देखते रहे और 108 के इंतजार में कोई भी उसे अस्पताल लेकर नहीं पहुंचा जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। करीब शाम 8 बजे 108 वाहन पहुंची तब उसे सिविल अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर बीएस शिल्पी द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया।
आपको बता दें कि पेकलोन खजुरिया निवासी रामसिंह लोधी पुत्र धीरजसिंह लोधी उम्र करीब 35 वर्ष गगनवाड़ा किसी रिश्तेदार के यहां गमी में शामिल होने बाइक से गए थे वे वहां से वापस अपने गांव लौट रहे थे कि ग्राम पलोहा के पास मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे उनके सर में गंभीर चोट आने के कारण अधिक रक्त स्राव हुआ और मौत हो गई। घटना से ग्राम में शोक व्याप्त है परिजनों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि 108 वाहन घायल को उठाने के लिए समय पर नहीं पहुंची यदि समय पर इलाज मिल जाता तो शायद जान बच जाती।
आपको बता दें कि घायल के तीन बेटे हैं सबसे छोटा तीन वर्ष का है माता-पिता तीर्थ पर गए हुए हैं जिन्हें सूचना देकर वापस बुलाया गया है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और शव को मर्चुरी भवन में रखवा दिया है सोमवार की सुबह पीएम उपरांत शव को परिजनों को सौंपा जाएगा।



