मध्य प्रदेश

सेवा भारती व शिवगोमती जनकल्याण समिति का तीन गांवों में शिविर संपन्न

रायसेन । सेवा भारती एवं शिवगोमती जनकल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम बिलारा में आयोजित किशोरी विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
शिविर को संबोधित करते हुए सेवा भारती मध्यभारत प्रांत की उपाध्यक्ष श्रीमती किरण शेजवार ने कहा कि “बेटियां समाज की धरोहर होती हैं। जब समाज में बेटियों को सम्मान और अवसर मिलेंगे, तभी देश पुनः अपने परम वैभव के पथ पर अग्रसर होगा।” उन्होंने किशोरियों को आत्मविश्वासी और स्वावलंबी बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर समाजसेवी नीता वाधवा ने किशोरी बालिकाओं में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों पर विस्तार से जानकारी दी और माताओं से संवाद स्थापित कर उन्हें मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के विशेष सत्र में स्वर्ण पदक पुरस्कार प्राप्त ताइक्वांडो प्रशिक्षिका सुश्री शिखा गौर ने किशोरियों को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाए, जिससे बालिकाओं में उत्साह, आत्मबल और उमंग का संचार हुआ।
शिविर में 120 किशोरी बालिकाओं के साथ 50 से अधिक माताओं एवं बहनों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता किट का वितरण किया गया।
इस अवसर पर ग्राम सरपंच बृजेश जाट सहित राजेश भार्गव, कमलेश तिवारी एवं रंजीत धुर्वे उपस्थित रहे। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

Related Articles

Back to top button