मध्य प्रदेश

सीसी रोड निर्माण सिर्फ कागजों में, धरातल पर नहीं हुआ कार्य – बनगांव में भ्रष्टाचार के आरोप

ब्यूरो चीफ: भगवत सिंह लोधी
दमोह, बनगांव। जनपद पंचायत पटेरा अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बनगांव में सीसी रोड निर्माण को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार रज्जन दुबे के घर से सत्संग भवन की ओर सीसी रोड निर्माण के लिए 05 जून 2025 को 5 लाख 25 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी लेकिन आज तक मौके पर किसी प्रकार का निर्माण कार्य दिखाई नहीं दे रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित मार्ग पर न तो सीसी रोड बनाई गई और न ही मुरम डाली गई है। इसके बावजूद निर्माण कार्य की राशि 2/10/2022 आहरित कर ली गई, जिससे पंचायत में भ्रष्टाचार की आशंका गहरा गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला दर्शाता है कि किस तरह कागजों में विकास कार्य पूर्ण दिखाकर शासन की राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।
चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि जिस मार्ग पर सीसी रोड निर्माण स्वीकृत हुआ है, वह कथित रूप से शासकीय मार्ग भी नहीं है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर किस आधार पर अधिकारियों ने इस कार्य के लिए राशि स्वीकृत कर दी।
ग्रामीणों ने पंचायत एवं जनपद स्तर के अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी तरह की अनियमितताओं के कारण गांवों में वास्तविक विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। धरातल पर जहां कीचड़ और अव्यवस्था बनी हुई है, वहीं कागजों में विकास कार्य पूर्ण दिखाए जा रहे हैं।ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Back to top button