मध्य प्रदेश

कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी – कलेक्टर यादव

कलेक्टर ने देशी-अंग्रेजी कम्पोजिट शराब दुकान दमोह डी का लाइसेंस किया निरस्त
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने दमोह स्थित देशी-अंग्रेजी कम्पोजिट शराब दुकान (दमोह डी) के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। निरीक्षण के दौरान दुकान में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बताया कि प्रशासन को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ शराब दुकानों पर अवैध रूप से शराब का विक्रय किया जा रहा है तथा निर्धारित दरों से अधिक मूल्य वसूला जा रहा है। शिकायतों के आधार पर विभागीय अधिकारियों को जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित शराब दुकान का लाइसेंस जिस स्थान के लिए जारी किया गया था, उसका संचालन किसी अन्य स्थान पर किया जा रहा था। जिस स्थल पर दुकान संचालित हो रही थी, वहां का कोई वैध लाइसेंस उपलब्ध नहीं था। जांच में यह भी सामने आया कि दुकान पर शराब निर्धारित मूल्य से अधिक दरों पर बेची जा रही थी।
इसके अलावा दुकान पर लगाया गया साइन बोर्ड निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया तथा आवश्यक अभिलेख और दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य आमजन का प्रशासन पर विश्वास बनाए रखना है तथा यह स्पष्ट संदेश देना है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी अनुज्ञप्तिधारियों से शासन के नियमों और निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में किसी भी समय निरीक्षण कर कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि गांव-गांव से अवैध शराब बिक्री और अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। युवाओं को सुरक्षित एवं सकारात्मक दिशा प्रदान करने तथा समाजहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा यह सख्त कदम उठाया गया है।
जिले में शराब कारोबार से जुड़ी अनियमितताओं के विरुद्ध की गई यह कार्रवाई प्रशासन की सख्त कार्यप्रणाली और कानून के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Related Articles

Back to top button