दशहरा चल समारोह से पहले विद्युत लाइनें ऊंची करने में जुटा विभाग

शांति समिति की बैठक मै हर बार विद्युत लाइन का उठता था मुद्दा
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । दशहरा एवं नवदुर्गा चल समारोह को लेकर विद्युत वितरण कंपनी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को निकलने वाले दशहरा चल समारोह और रात में मां दुर्गा की झांकियों के जुलूस को देखते हुए विभाग द्वारा मार्ग पर लटक रही विद्युत सर्विस लाइनों को ऊंचा करने का काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य चल समारोह के दौरान झांकियों को विद्युत तारों से टकराने से बचाना और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकना है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को दिन में दशहरा चल समारोह निकलेगा, जबकि रात 10 बजे से नगर की सभी दुर्गा झांकियों का चल समारोह शुरू होगा। यह जुलूस पुराने बस स्टैंड से प्रारंभ होकर शिवालय चौक, कबीट चौराहा, बजरिया चौराहा होते हुए माला फाटक,पक्का फाटक, सागरमल पुलिया से होता हुआ मुख्य सागर भोपाल मार्ग से दशहरा मैदान तक पहुंचेगा। चल समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने और आकर्षक झांकियां निकलने की संभावना है।
*पिछले वर्षों की परेशानी से लिया सबक*
पिछले वर्षों में चल समारोह के दौरान झांकियों के विद्युत लाइनों के संपर्क में आने से कई बार परेशानी और अव्यवस्था की स्थिति बनती रही है। कुछ अवसरों पर सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत सप्लाई भी बंद करनी पड़ती थी। इसी समस्या को देखते हुए इस बार विद्युत विभाग पहले से ही लाइनों को ऊंचा करने में जुटा है, ताकि झांकियों को निकालने में किसी प्रकार की बाधा न आए।
कुछ समय के लिए बंद रहेगी बिजली
विद्युत वितरण कंपनी के जेई बीएल शाक्या ने बताया कि चल समारोह मार्ग पर विद्युत सर्विस लाइनों को ऊंचा करने का कार्य किया जा रहा है। इस काम के दौरान मुख्य मार्ग सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में कुछ समय के लिए विद्युत सप्लाई बंद की जा रही है। विभाग का प्रयास है कि चल समारोह शुरू होने से पहले आवश्यक कार्य पूरा कर लिया जाए, जिससे त्योहार के दौरान निर्बाध और सुरक्षित व्यवस्था बनी रहे।



