सिलौंडी के गोपालपुर में श्रीकृष्ण–सुदामा की मित्रता कथा सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । गोपालपुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान कथावाचक ब्रज कृष्ण भूषण जी महाराज ने भगवान श्री कृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा की हृदयस्पर्शी मित्रता की कथा का मार्मिक वर्णन किया । कथा के प्रसंगों को सुनकर पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और अनेक भक्तों की आंखों से आंसू छलक पड़े।
कथावाचक ने बताया कि सच्ची मित्रता में धन-दौलत और वैभव का कोई महत्व नहीं होता । द्वारका के राजा बनने के बाद भी श्रीकृष्ण ने अपने निर्धन ब्राह्मण मित्र सुदामा का जिस प्रेम और सम्मान से स्वागत किया, वह मित्रता की सर्वोच्च मिसाल है। सुदामा द्वारा लाए गए चावल के दानों को भगवान ने प्रेमपूर्वक स्वीकार किया और बदले में उन्हें तीनों लोकों का सुख-समृद्धि प्रदान की । कथा के इस प्रसंग ने श्रद्धालुओं को गहरे भाव में डुबो दिया।
कार्यक्रम के दौरान मोती हल्दकार, विजय राय, गणेश राय एवं सोहन सिंह बागरी ने कथावाचक का सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं समिति अध्यक्ष मोहन सिंह बागरी, अर्चना प्रवीण तिवारी, कोढ़ी पटेल, अंकुल वैष्णव, मीना मोहन बागरी, अरविंद तिवारी सहित सैकड़ों भक्तजन उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने कथा से प्रेरणा लेकर सच्ची मित्रता, त्याग और भक्ति के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।



