जनपद सीईओ ने योजनाओं की प्रगति पर कसी नकेल, एक सप्ताह में सुधार के दिए निर्देश

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी युजवेंद्र कोरी ने ढीमरखेड़ा एवं खमतरा सेक्टर की समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति का पंचायतवार मूल्यांकन किया । बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए ।
बैठक के दौरान वीबीजी, मनरेगा ई-केवाईसी, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के नवीन पंजीयन, अनुग्रह सहायता के लंबित प्रकरण, पेंशन योजनाओं के डीएलसी सत्यापन, अधूरे एवं लंबित आवासों की स्थिति, री-चेकिंग तथा निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद सीसी जारी करने सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई ।
सीईओ यजुर्वेद कोरी ने बताया कि जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देशानुसार सभी योजनाओं में तेजी लाते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना प्राथमिकता है। उन्होंने कमजोर प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं संबंधित कर्मचारियों को एक सप्ताह के भीतर उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।
बैठक में ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, उपयंत्री, एपीओ सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी से योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की गई।



