डंपर ने शुगर मिल का वेस्टेज देवनगर मार्ग पर गिराया, रात में आधा दर्जन वाहन दुर्घटनाग्रस्त
बम्हौरी । रविवार शाम एक अज्ञात डंपर द्वारा बम्हौरी से देवनगर मार्ग पर स्थित ग्राम जेतगढ़ के पास शुगर मिल का वेस्टेज सड़क पर गिराने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डम्फर चालक बम्हौरी की ओर से आते हुए जेतगढ़ की पहली पुलिया के पास गन्ने का अपशिष्ट गिराकर आगे बढ़ गया। इसके बाद दूसरी पुलिया के पास भी वेस्टेज खाली किया और फिर ट्रक को वापस घुमाकर पहली पुलिया के पास पूरा डंपर खाली कर दिया।
सड़क पर फैले चिकने अपशिष्ट के कारण मार्ग पूरी तरह फिसलन भरा हो गया। रात होते-होते हालात और बिगड़ गए। अपशिष्ट की चिकनाहट के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन लगातार फिसलते रहे। रातभर में करीब छह वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए, जबकि कई ट्रक सड़क पर फंस गए। इससे मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। वाहन चालकों को यह अंदाजा नहीं था कि सड़क पर वेस्टेज फैला है, जिससे अचानक स्लिप होने की घटनाएं सामने आईं।
बम्हौरी थाना प्रभारी प्रीतम सिंह राजपूत ने बताया कि एक अज्ञात डंपर द्वारा सड़क पर मैटेरियल फेंका गया है। मामले की जांच की जा रही है। संबंधित वाहन की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सड़क की सफाई कराई गई है और यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
हादसे रोकने के लिए ग्रामीण चालकों को कर रहे सावधान स्थानीय ग्रामीणों ने मोर्चा संभालते हुए सड़क किनारे खड़े होकर वाहन चालकों को सावधान किया, ताकि और हादसे न हों। बावजूद इसके रातभर प्रशासन की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। सोमवार दोपहर बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी और सफाई कर्मचारियों की मदद से सड़क से अपशिष्ट हटाया गया, तब जाकर यातायात आंशिक रूप से सुचारु हो सका। हालांकि सफाई के बाद भी सड़क पर चिकनाहट बनी रही, जिससे वाहन फिसलने की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि शुगर मिल से जुड़े वाहन आए दिन बिना सुरक्षा उपायों के गन्ना अपशिष्ट और अन्य सामग्री का परिवहन करते हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह वेस्टेज गाडरवारा या नरसिंहपुर क्षेत्र स्थित शुगर फैक्टरी से आया होगा। लोगों ने डम्फर चालक और संबंधित मिल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



