सिलवानी में उन्नत कृषि महोत्सव को लेकर कृषक संगोष्ठी आयोजित
सिलवानी। विकासखण्ड सिलवानी में 11 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले उन्नत कृषि महोत्सव, प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के तहत ग्राम उषापुर, ग्राम पंचायत रामपुरा कला में कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हर्षल चौधरी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिलवानी द्वारा की गई।
संगोष्ठी में किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती, नरवाई प्रबंधन तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों को टिकाऊ खेती अपनाने और उत्पादन बढ़ाने के लिए नई पद्धतियों के उपयोग पर जोर दिया।
इस अवसर पर रघुवीर सिंह कुशवाह, कृषि विस्तार अधिकारी पीयूष ठाकुर, सुजीत धाकड़ तथा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सिलवानी सहित अन्य कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक किसानों ने भाग लेकर कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
उल्लेखनीय है कि आगामी 11 से 13 अप्रैल तक दशहरा मैदान, रायसेन में उन्नत कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें किसानों को नई तकनीकों, योजनाओं एवं कृषि उपकरणों की जानकारी प्रदान की जाएगी।



