ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को मिल रहा बड़ा मंच : पूर्व मंत्री रामपाल सिंह
मंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ सांसद खेल महोत्सव से खिलाड़ियों में उत्साह
सिलवानी। मंगलवार को आयोजित मंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का औपचारिक आरंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण और आंचलिक क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए अवसरों का बड़ा द्वार खोल रहा है। अब गांवों की प्रतिभाओं को मंच के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर लाखों रुपए तक के पुरस्कार जीतने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से खेल भावना उत्साह और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ प्रतियोगिता नहीं बल्कि युवाओं की शारीरिक और मानसिक क्षमता को निखारने वाला महत्वपूर्ण मंच है। जीत-हार से अधिक जरूरी खेल की भावना और परस्पर सम्मान है।भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू ने कहा कि खेल व्यक्ति को शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनाते हैं। टीम वर्क अनुशासन नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच खेलों से ही विकसित होती है। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवा पीढ़ी को स्वस्थ और ऊर्जावान रहने की प्रेरणा प्रदान करता है।



