विश्व जनसंख्या दिवस पर सारथी रथ को हरी झंडी,

11 से 18 जुलाई तक चलेगा जागरूकता अभियान
सिलवानी। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी सिलवानी डॉ. आर.एस. पटेल ने विकासखंड सिलवानी में परिवार नियोजन एवं जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए सारथी रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर डॉ. आर.एस. पटेल ने बताया कि 11 जुलाई से 18 जुलाई तक विश्व जनसंख्या दिवस अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरीकरण, परिवार नियोजन के महत्व का प्रचार-प्रसार तथा आमजन को जागरूक करना है। इस दौरान सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में पात्र दंपतियों को उनकी इच्छा के अनुसार परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बीईई विक्रम खत्री ने बताया कि सारथी रथ विकासखंड सिलवानी के विभिन्न गांवों में पहुंचकर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा और लोगों को परिवार नियोजन अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
अभियान के सफल संचालन के लिए मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एस. पटेल ने मैदानी अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर बीसीएम इंदर कुशवाहा, मलेरिया निरीक्षक हरीनारायण इक्का, लेखापाल हेमंत सराठे, एसटीएस ब्रजमोहन पटेल, फार्मासिस्ट पुष्पेंद्र रघुवंशी, नर्सिंग स्टाफ एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



