क्राइम

चरित्र शंका को लेकर पति ने की पत्नी की हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पत्नी को पति ने डंडे से इतना मारा की हो गई उसकी मौत
रायसेन । रायसेन जिले के रविवार को दोपहर लगभग डेढ़ से दो बजे के बीच सलामतपुर की शुक्ला कॉलोनी में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या चरित्र शंका को लेकर कर दी। गुस्से में पति ने पत्नी को डंडे से इतना मारा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद जंगल में फरार हो गया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को सांची के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं पुलिस आरोपी की तलाश में जंगल सहित आसपास क्षेत्र में सर्चिंग कर रही है। रात्रि तक पुलिस ने आरोपी कमल को घेराबंदी कर जंगल से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार रविवार दोपहर को रेलवे लाईन के दूसरी तरफ अलीम उद्दीन निवासी भोपाल के खेत में गुड्डीबाई आदिवासी धान की निंदाई कर रही थी। उसी समय उसका पति कमल भोपा आदिवासी गुस्से में पत्नी पर दूसरे मर्द के साथ संबंध करने के आरोप लगाने लगा और डंडे से गुड्डी बाई को सिर व पीठ में इतना मारा की उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने गुड्डी बाई के लडक़े जगदीश की रिपोर्ट पर आरोपी कमल भोपा के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया है। गुड्डी बाई आदिवासी उम्र 48 वर्ष सुनारी सलामतपुर ग्राम पंचायत के शुक्ला कालोनी में रहती है। मेहनत मजदूरी करके घर का गुजारा चलता है। गुड्डी बाई के 9 बच्चे हैं।
मृतिका गुड्डीबाई के पुत्र जगदीश आदिवासी ने बताया कि पिताजी मम्मी के चरित्र पर शंका करते थे। आए दिन इसी बात पर विवाद होता था। रविवार को पिताजी ने मम्मी को डंडे से इतना मारा कि उनकी मौत हो गई। मैंने थाने में अपने पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे का कहना है कि पत्नी की हत्या के आरोपी कमल आदिवासी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है।

Related Articles

Back to top button