उमरियापान की जांच से खुला अंतर्राज्यीय उठाईगीर गैंग का राज, 4 लाख से अधिक की चोरी कबूली

3 राज्यों में 26 वारदात करने वाले शातिर गिरफ्तार बैंकों के बाहर रेकी कर डिग्गी तोड़ने और झपटमारी को देते थे अंजाम
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान थाना क्षेत्र में जिला सहकारी बैंक के बाहर हुई चोरी की जांच के दौरान कटनी पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय उठाईगीर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न जिलों में बैंक ग्राहकों को निशाना बनाकर झपटमारी, डिग्गी तोड़ चोरी और नकदी से भरे बैग उड़ाने जैसी वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने तीन राज्यों में 26 वारदातों के जरिए 40 लाख रुपये से अधिक की चोरी करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को उमरियापान स्थित जिला सहकारी बैंक से सेल्समैन रघुवीर सिंह बागरी का 50 हजार रुपये नकद एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग चोरी हो गया था। मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में एक विशेष संयुक्त जांच टीम का गठन किया गया।
बैंक एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने सुमित सिसोदिया उर्फ “बंदर” (30 वर्ष) तथा संजय सिसोदिया (38 वर्ष), निवासी ग्राम भोलगढ़, जिला अनूपपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात करता था। गिरोह का एक सदस्य बैंक के अंदर ग्राहक बनकर बड़ी रकम निकालने वाले लोगों की रेकी करता था, जबकि अन्य सदस्य बाहर मोटरसाइकिल पर तैयार रहते थे। जैसे ही ग्राहक बैंक से बाहर निकलता, उसका पीछा कर मौका मिलते ही बैग झपट लेते या वाहन की डिग्गी अथवा कार का शीशा तोड़कर नकदी लेकर फरार हो जाते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न थानों में 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी सुमित सिसोदिया उर्फ “बंदर” वर्ष 2016 से सतना जिले के एक मामले में फरार चल रहा था तथा उसके विरुद्ध स्थायी वारंट भी लंबित था।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने फरार साथियों पिंटू यादव, पुष्पेंद्र यादव एवं मखाड़ उर्फ लखन के साथ मिलकर मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के करीब 15 से अधिक जिलों में 26 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। इनमें कटनी, बड़वारा, स्लीमनाबाद, उमरियापान, सतना, नरसिंहपुर, डिंडोरी, उमरिया, देवास, शहडोल, जबलपुर, पन्ना, खंडवा, इटारसी, मनेंद्रगढ़, जशपुर, कटघोरा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही तथा संभलपुर सहित कई स्थान शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की शेष नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश जारी है। अन्य राज्यों की पुलिस से भी समन्वय स्थापित कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी सुमित सिसोदिया उर्फ “बंदर” (30 वर्ष), निवासी ग्राम भोलगढ़, जिला अनूपपुर, संजय सिसोदिया (38 वर्ष), निवासी ग्राम भोलगढ़, जिला अनूपपुर
फरार आरोपी में पिंटू यादव, पुष्पेंद्र यादव, मखाड़ उर्फ लखन।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसमें माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे, उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल, एनकेजे थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूपेंद्र राजपूत, रंगनाथ थाना प्रभारी अरुण पाल तथा साइबर एवं सीसीटीवी सेल को शामिल किया गया। इसके अतिरिक्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी सहित गठित विशेष जांच टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम की सतर्कता, तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों से अंतर्राज्यीय उठाईगीर गिरोह का पर्दाफाश करने में सफलता मिली।



