दीवार गिरने से 9 बच्चों की मौत, दो घायल, शिवलिंग निर्माण के दौरान हुआ हादसा
सीएम डॉ. मोहन यादव ने की 4–4 लाख की मदद की घोषणा
पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने घटना स्थल और हॉस्पिटल पहुंचे
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
सागर । एमपी के सागर जिले के शाहपुर में एक बड़ा दुखद हादसा हुआ है। एक मकान की दीवार गिरने से 9 बच्चो की मौत हो गई और दो बच्चे घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बच्चे पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को 4–4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वही क्षेत्रीय विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव हादसे की खबर लगते ही घटनास्थल और जिला हॉस्पिटल पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। मंत्री गोविंद राजपूत, विधायक शैलेंद्र जैन, जिला अध्यक्ष गौरव सीरोठिया, अभिषेक भार्गव हॉस्पिटल पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य को जानकारी ली।
जिले के रहली विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर में रविवार को सुबह एक हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में गम में डुबा दिया। हरदौल मंदिर में पार्थिव (मिट्टी) शिवलिंग के निर्माण एवं भागवत कथा का आयोजन चल रहा है। सावन के महीने में यहां सुबह से शिवलिंग बनाए जा रहे हैं। रविवार को भी शिवलिंग बनाने का काम शुरू हुआ। रविवार को अवकाश का दिन होने की वजह से शिवलिंग बनाने के लिए आठ से 14 साल के बच्चे भी बड़ी संख्या में पहुंचे।
बच्चे सुबह जब शिवलिंग बना रहे थे। तभी मंदिर परिसर के बाजू वाली करीब पचास साल पुरानी एक कच्ची दीवार भराभरा कर गिर गई। यह दीवार शिवलिंग बना रहे बच्चों के ऊपर सीधी गिरी, जिससे करीब 9 बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद चीख पुकार मच गई। तत्काल ही दीवार के मलबे को हटाने का कार्य शुरू हुआ तो इसके नीचे और दबे बच्चों को निकाला गया। इनको जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया । सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे नगर परिषद कर्मचारी, पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू शुरू किया। रहली विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव मौके पर पहुंचे। मौके और अस्पताल में कलेक्टर दीपक आर्य, प्रभारी एसपी डा संजीव कुमार सहित प्रशासन पहुंचा और रेस्क्यू कराया।
प्रभारी एसपी डॉ. संजीव कुमार के बताया कि 9 बच्चो की मौत हो चुकी है। दो बच्चे चायल है।



