ग्रामो को प्रधानमंत्री सड़क योजना से जोड़ने मंडल अध्यक्ष ने लिखा विधायक को पत्र

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने क्षेत्रीय विकास को गति देने के उद्देश्य से बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह को एक महत्वपूर्ण पत्र लिखा है । पत्र के माध्यम से उन्होंने प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत उमरियापान मंडल के अनेक ग्रामों में सड़क निर्माण कार्य कराए जाने का आग्रह किया है।
मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने बताया कि क्षेत्र के कई गांव आज भी पक्की सड़कों के अभाव में विकास की मुख्यधारा से पूरी तरह नहीं जुड़ पाए हैं । यदि इन मार्गों का निर्माण हो जाता है तो ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि कार्यों में बड़ी सुविधा मिलेगी ।
पत्र में जिन प्रमुख मार्गों के निर्माण की मांग की गई है, उनमें टोपी तिरगड्डा से घुघरा (2 किमी), परसेल से घुघरा (2 किमी), घुघरा से कछार गांव (2 किमी), घुघरी से घुघरा (1.5 किमी), धौरेशर से घुघरी (1 किमी), ककरहिया से कमकुही (2 किमी), भनपुरा खुर्द से भटकवां (2 किमी), करही से खिरहनी (1 किमी), गढ़मास से भसेड़ा (1 किमी), छोटी पड़रिया से टोला (2 किमी), इमलिया से बंधी (1.5 किमी), बरही से खाम्हा (1 किमी), उमरियापान बन्नहाई से कुदवारी (1 किमी), सिहुड़ी मोड़ से इमलिया (1 किमी), महनेर से बम्हनी (1 किमी), छोटी कारीपाथर से बड़ी कारीपाथर (1 किमी), महगवां से बनहरी (4 किमी), कनौजा से झिरिया (5 किमी), सैलारपुर से सुंदरपुर (2 किमी), पिपरिया से रामकुंडी रोड (1 किमी), डूड़ी से रामकुंडी (2 किमी), बड़ी कारीपाथर से इमलिया मोड़ (2 किमी) एवं इटवां से देमापुर तिरगड्डा (2 किमी) जैसे अनेक मार्ग शामिल हैं।
आशीष चौरसिया ने विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह से इन सभी सड़कों के निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति दिलाने और जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ कराने का आग्रह किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि विधायक के प्रयासों से क्षेत्र के ग्रामीणों को जल्द ही बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा।
क्षेत्रवासियों में इस पहल को लेकर उत्साह का माहौल है और लोग इसे उमरियापान मंडल के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं।



