मासूम शिव की मौत पर संवेदना व्यक्त करने पहुंचे विधायक, पीड़ित परिवार को सौंपा सहायता राशि

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। समीपस्थ ग्राम बम्हनी कॉलोनी निवासी संतोष कोरी के 5 वर्षीय पुत्र शिव की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत के बाद क्षेत्रीय विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह शनिवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की, उन्हें ढांढस बंधाया तथा अपनी ओर से आर्थिक सहायता प्रदान कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया ।
गौरतलब है कि विगत दिनों मासूम शिव आंगनवाड़ी परिसर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह बिजली के खंभे के स्टे वायर के संपर्क में आ गया, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था । करंट लगते ही बालक गंभीर रूप से झुलस गया । परिजन एवं ग्रामीण तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया । इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी ।
शनिवार को विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने पीड़ित परिवार से मिलकर इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया । उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा क्षेत्र परिवार के साथ खड़ा है तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा ।
इस अवसर पर पूर्व जिला मंत्री विजय दुबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, सरपंच राकेश दाहिया, रवि ठाकुर, प्रदीप चौरसिया, दिनेश असाटी, यश चौरसिया, राकेश यादव, पत्रकार सतीश चौरसिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे ।



