उमरियापान बस स्टैंड की अव्यवस्था से लोग परेशान, बीच सड़क पर खड़ी हो रहीं बसें

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । न्यू बस स्टैंड में बसों को खड़ा न कर बीच सड़क पर ही लोडिंग-अनलोडिंग किए जाने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। बस चालक और परिचालक मनमानी करते हुए सड़क के बीचों-बीच बसें खड़ी कर देते हैं, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस वजह से लंबा जाम लग जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुज़ुर्गों और एम्बूलैंस गाड़ी को सबसे ज़्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है । जाम के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है । नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है, फिर भी न तो चालान काटे जा रहे हैं और न ही बसों को बस स्टैंड के भीतर खड़ा करने के निर्देश सख्ती से लागू किए जा रहे हैं।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और नवागत थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल से आग्रह किया है कि बीच सड़क पर बस खड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात सुचारू हो सके और आम जनता को राहत मिल सके।



