मध्य प्रदेश

पुलिस ने बेसहारा दृष्टिहीन वृद्धा को दिया सहारा, गोद में उठाकर पहुंचाया सुरक्षित आश्रय

जब बेसहारा हुई जिंदगी, फरिश्ता बन पहुंची साईखेड़ा पुलिस!

रिपोर्टर : कमलेश अवधिया
नरसिंहपुर । पुलिस ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बेसहारा वृद्ध महिला का सहारा बनकर मिसाल पेश की। थाना साँईखेड़ा की निर्भया मोबाइल को ग्राम तूमड़ा में एक असहाय वृद्ध महिला के दयनीय स्थिति में होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला की मदद कर भोजन, नए वस्त्र एवं सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था कराई
पुलिस के अनुसार 11 मई 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम तूमड़ा में एक वृद्ध महिला बेहद खराब हालात में रह रही है और उसे तत्काल सहायता की जरूरत है। सूचना मिलते ही थाना साँईखेड़ा पुलिस निर्भया मोबाइल स्टाफ के साथ मौके पर पहुंची
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि ग्राम पंचायत के पुराने भवन के बंद शटरनुमा कमरे में वृद्ध महिला खटिया पर असहाय अवस्था में पड़ी थीं। कमरे के चारों ओर गंदगी फैली थी। महिला दोनों आंखों से दृष्टिहीन थीं और शारीरिक रूप से इतनी कमजोर हो चुकी थीं कि स्वयं उठने-बैठने और चलने-फिरने में भी असमर्थ थीं।
ग्रामीणों एवं सरपंच पति से पूछताछ में महिला की पहचान सब्बो बाई पति स्व. रामरतन पटैल (लगभग 75 वर्ष), निवासी ग्राम तूमड़ा के रूप में हुई। बताया गया कि परिवार में उनकी देखभाल करने वाला कोई सदस्य नहीं है और लंबे समय से वे निराश्रित अवस्था में जीवन बिता रही थीं।
महिला की स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक संधीर चौधरी ने तत्काल मानवीय पहल करते हुए जिला रायसेन के बाड़ी स्थित “टीम पहल सेवा आश्रम” से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस टीम ने वृद्ध महिला को गोद में उठाकर वाहन तक पहुंचाया, भोजन कराया, नए वस्त्र उपलब्ध कराए और निजी वाहन की व्यवस्था कर सुरक्षित आश्रय के लिए आश्रम भेजा
महिला उपनिरीक्षक वर्षा धाकड़, आरक्षक दिनेश पटैल एवं निर्भया मोबाइल स्टाफ ने वृद्ध महिला को सकुशल टीम पहल सेवा आश्रम, बाड़ी जिला रायसेन में भर्ती कराया, जहां अब उनकी समुचित देखभाल और उपचार किया जाएगा
थाना प्रभारी निरीक्षक संधीर चौधरी, महिला उपनिरीक्षक वर्षा धाकड़, आरक्षक दिनेश पटैल एवं निर्भया मोबाइल स्टाफ द्वारा किया गया यह कार्य पुलिस की संवेदनशीलता, सेवा भावना और सच्ची जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है।
इस मानवीय पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है और लोग नरसिंहपुर पुलिस को धन्यवाद दे रहे।

Related Articles

Back to top button