बड़वारा में सरपंच के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज, पुलिस जांच शुरू

जनप्रतिनिधि पर गंभीर आरोप
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक ग्राम पंचायत के सरपंच के खिलाफ महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है । शिकायत मिलने के बाद महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर जांच शुरू कर दी है ।
जानकारी के अनुसार, कथित घटना 13 मई को हुई थी । पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद वह भय, मानसिक तनाव और सामाजिक दबाव के कारण तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सकी । बाद में हिम्मत जुटाकर उसने महिला थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सरपंच के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया । पुलिस ने पीड़िता की पहचान और व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखी है ।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी जनप्रतिनिधि होने के कारण मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच की जा रही है । आरोपी से पूछताछ जारी है तथा प्रकरण की विवेचना की जा रही है ।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ।



