क्राइम

गढ़ी में घर के सामने से स्कॉर्पियो चोरी

रात साढ़े 12 बजे देवास से गाड़ी खरीदकर घर पहुंचे,
करीब डेढ़ बजे चोर ले गए वाहन सीसीटीवी में सलामतपुर की ओर जाते दिखे संदिग्ध,

रिपोर्टर सैयद मसूद अली
रायसेन। ज़िले की ग़ैरतगंज तहसील के गढ़ी क़स्बे में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात घर के सामने खड़ी एक स्कॉर्पियो चोरी होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार मोहन माहेश्वरी के पुत्र शुभम माहेश्वरी एवं सुजल माहेश्वरी देवास से स्कॉर्पियो ख़रीदकर रात करीब साढ़े 12 बजे अपने घर गढ़ी पहुंचे थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने नई ख़रीदी गई स्कॉर्पियो को घर के सामने खड़ा कर दिया।
बताया जा रहा है कि क़रीब डेढ़ बजे के आसपास चोर स्कॉर्पियो लेकर फ़रार हो गए। सुबह जब परिजन उठे तो घर के सामने से वाहन गायब मिला। आसपास तलाश करने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पीछे से निगरानी किए जाने की आशंका
घटना के तरीक़े को देखते हुए ऐसी आशंका जताई जा रही है कि वाहन चोर गिरोह देवास से ही वाहन का पीछा कर रहा हो। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। वाहन ख़रीदकर घर पहुंचने के महज कुछ समय बाद ही चोरी हो जाना इस आशंका को और गंभीर बनाता है।
पुलिस की मदद से क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फ़ुटेज खंगाली गई, जिसमें चोरी हुई स्कॉर्पियो सलामतपुर की ओर जाती हुई दिखाई दी। फुटेज में वाहन ले जाने वाले संदिग्धों के चेहरे काले कपड़े से ढके हुए दिखाई दे रहे हैं।
चोरी हुई स्कॉर्पियो का वाहन क्रमांक MP07 ZN 8626 है। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर सीसीटीवी फ़ुटेज के आधार पर संदिग्धों और वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
आमजन से सहयोग की अपील
गढ़ी, गैरतगंज, सलामतपुर एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से अपील है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त स्कॉर्पियो वाहन के संबंध में कोई जानकारी मिले या वाहन कहीं दिखाई दे, तो तत्काल पुलिस अथवा वाहन मालिक के परिजनों को सूचना दें।
वाहन चोरी की इस घटना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। गढ़ी पुलिस सीसीटीवी फ़ुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button