एसडीएम की दीपावली पहल: मिट्टी के दीयों से जगाई स्थानीय कुम्हारों की रोशनी

कर्मचारियों और बच्चों को दी मिट्टी के दीये, रुई और पटाखे; अपील- त्योहार में खरीदें स्थानीय कुम्हारों के दीये
बेगमगंज। दीपावली के पावन अवसर पर एसडीएम सौरभ मिश्रा ने तहसील में एक अनुपम पहल की। उन्होंने समस्त कर्मचारियों और अधिकारियों को मिट्टी के दीयों और रुई के पैकेट उपहार में देकर त्योहार की खुशियों के साथ स्थानीय कुम्हारों के उत्पाद को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
एसडीएम मिश्रा ने कहा कि दीपावली के लिए दीये केवल फुटपाथ या स्थानीय कुम्हारों से ही खरीदें। उनका कहना था कि मेहनत करने वाले कुम्हारों के दीयों से ही त्योहार की असली रोशनी फैलती है, जबकि बाहर से खरीदे गए चीन निर्मित आधुनिक दीपक उनके रोजगार को प्रभावित करते हैं।
इस पहल के तहत लगभग 80 कर्मचारियों और अधिकारियों को मिट्टी के दीये और रुई के पैकेट वितरित किए गए।
इसके साथ ही लोहा पीटा क्षेत्र में बच्चों को फुलझड़ी, पटाखे और दीयों के पैकेट भी बांटे गए। इस दौरान एसडीएम मिश्रा के साथ उनका छोटा बेटा बसु भी मौजूद रहा। बसु ने अपने पिता के साथ बच्चों को दीये और पटाखे वितरित किए। उसकी मासूम मुस्कान और उत्साह ने पूरे माहौल को और भी खुशियों से भर दिया।
एसडीएम मिश्रा ने कहा, “कुम्हार इस त्यौहार का पूरे साल इंतजार करते हैं। उनके बनाए दीयों से ही लोगों के घर रोशन होते हैं। अगर सभी अधिकारी और कर्मचारी इसका अनुसरण करेंगे, तो स्थानीय कुम्हारों को रोजगार मिलेगा।”
उन्होंने इस अवसर पर एक प्रेरक संदेश भी दिया— “दीपावली के पावन दिन अपने अंदर की बुराइयों को त्यागने का प्रयास करें। विशेष रूप से तंबाकू का सेवन छोड़ने का संकल्प लें, ताकि यह पर्व केवल घर की नहीं, बल्कि जीवन की भी रोशनी बन सके।”
एसडीएम की यह पहल न केवल दीपावली की खुशियों को बढ़ाती है, बल्कि स्थानीय कुम्हारों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का भी प्रेरक संदेश देती है।



