आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को किशोर स्वास्थ्य पर दिया विशेष प्रशिक्षण

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । महिला एवं बाल विकास परियोजना, बेगमगंज द्वारा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का एक दिवसीय क्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य मैदानी स्तर पर कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को किशोर स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर दक्ष बनाना तथा समुदाय में प्रभावी जनजागरूकता सुनिश्चित करना था।
प्रशिक्षण का संचालन सिविल हॉस्पिटल, बेगमगंज के राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के परामर्शदाता अमित शर्मा (एफपीएआई भोपाल) ने किया। उन्होंने बताया कि किशोरावस्था जीवन का सबसे संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण चरण है। इस दौरान सही जानकारी, संतुलित पोषण, मानसिक सहयोग एवं सकारात्मक मार्गदर्शन मिलने से किशोर- किशोरियां स्वस्थ, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तन, तनाव प्रबंधन, आत्म- सम्मान, संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम, आयरन- फोलिक एसिड (आईएफए) की गोलियों का महत्व, व्यक्तिगत एवं मासिक धर्म स्वच्छता, तंबाकू, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, प्रजनन एवं यौन स्वास्थ्य तथा सही उम्र में विवाह जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
अमित शर्मा ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से गांव गांव में किशोर किशोरियों की नियमित बैठकें आयोजित कर उन्हें स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। साथ ही किशोर मित्रवत स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाओं की जानकारी भी समुदाय तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में प्रभारी परियोजना अधिकारी संगीता ठाकुर ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता विभाग और समुदाय के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके माध्यम से दी गई सही जानकारी किशोर स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रभारी परियोजना अधिकारी संगीता ठाकुर, सुपरवाइजर सुमनलता शर्मा, सीमा एक्का, वसीम अली, सोमप्रकाश राहंगडाले (पोषण अभियान), जिला समन्वयक शुभम पटेल सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।



