सुल्तानगंज अपहरण कांड का खुलासा, महाराष्ट्र से नाबालिग सकुशल बरामद

पुलिस टीम की सूझबूझ से आरोपी गिरफ्तार
सुल्तानगंज । रायसेन जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से अपहृत नाबालिग बालिका के मामले में पुलिस ने बड़ी और सराहनीय सफलता हासिल की है। त्वरित व सुनियोजित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी जयकुमार राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बालिका को महाराष्ट्र के बुलढाना से सकुशल दस्तियाब कर सुल्तानगंज वापस लाया गया है। बालिका का जिला चिकित्सालय में मेडिकल परीक्षण कराया गया ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायसेन के निर्देशन में एसडीओपी अनिल मौर्य द्वारा विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी श्यामराज सिंह राजपूत कर रहे थे, जिनके साथ सउनि महेश अग्निहोत्री, आरक्षक दीपक विश्वकर्मा, आकाश राजोरिया और महिला आरक्षक नौमिता तिवारी लगातार अभियान में जुटे रहे। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए महाराष्ट्र तक पीछा किया और आखिरकार बालिका को सुरक्षित बरामद करने में सफलता पाई।
पुलिस ने मामले में अपहरण और दुष्कर्म जैसी गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि बालिका की सुरक्षित वापसी और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर साहू समाज ने थाना परिसर में प्रदर्शन भी किया था। जिस पर एसडीओपी अनिल मौर्य ने प्रदर्शनकारियों को तीन दिन का आश्वाशन दिया था।



