क्राइम

दो बार बालिका को बहलाकर ले गया था आरोपी, नाबालिग का अपहरण कर युवक ने दुष्कर्म किया

सीहोर। गोपालपुर पुलिस ने एक नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म के आरोपी युवक को टीकमगढ़ जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक नाबालिग को दो बार बहला फुसलाकर उसके घर से भगा ले गया था। आरोपी युवक की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने 20 मई को गिरफ्तार कर आरोपी युवक राजकुमार गंधवाने को न्यायालय में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है।
फरियादी ने थाना गोपालपुर पर रिपोर्ट दर्ज कराई कि कोई अज्ञात आरोपी उसकी बेटी को बहला फुसला कर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण की धारा में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने मामले की जांच की और संदिग्ध की तलाश के लिए खंडवा और खरगोन में कई जगह दबिश दी गई।
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि बालिका को आरोपी राजकुमार पिता राधेश्याम गंधवाने निवासी सोनखेड़ी ले गया है। पुलिस ने राजकुमार की तलाश शुरु की तो पुलिस दबाव में आकर आरोपी ने अपहृत को उसके घर छोड़ दिया। पुलिस ने अपहृत के कथन लिए, जिसमें उसने बताया कि आरोपी राजकुमार गंधवाने ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने केस में अपहरण साथ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं का इजाफा कर दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर ही रही थी, कि आरोपी पुलिस द्वारा परिजन के सुपुर्द की गई बालिका को फिर से बहला फुसला कर भगा ले गया। फरियादी ने फिर से थाने में इसकी रिपोर्ट उर्ज कराई। थाना गोपालपुर पुलिस ने फिर से मामले में आरोपी की तलाश शुरु की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। आरोपी द्वारा बार-बार अपनी लोकेशन व मोबाइल नंबर बदल कर पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा। इसके बाद पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी, तभी सूचना मिली कि आरोपी राजकुमार और अपहृत टीकमगढ़ क्षेत्र में हैं। 20 मई को पुलिस ने जिला टीकमगढ़ थाना बलदेवगढ़ के जीनागढ़ क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी राजकुमार पिता राधेश्याम गंधवाने निवासी सोनखेड़ी के कब्जे से अपहृत बालिका को दस्तयाब कर लिया। बालिका को पुलिस ने फिर से परिजन के सुपुर्द कर दिया है। आरोपी राजकुमार गंधवाने को दोंनों अपराध में न्यायालय ने जेल भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button