पिता ने ही बनाया दो बेटियों को हवस का शिकार, थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला
भागने की फिराक में था पिता, किया गिरफ्तार
अशोकनगर । एमपी के अशोकनगर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां 44 वर्षीय पिता ही अपनी दो बेटियों को हवस का शिकार बनाता रहा और पत्नी व बेटियों को धमकी देता था। पिता की इस करतूत से पीड़ित दोनों नाबालिग आधी रात को थाने पहुंची और आप बीती बताई। इस पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ बलात्कार व पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
मामला बहादुरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। 17 वर्षीय नाबालिग अपनी 14 वर्षीय छोटी बहन व मां के साथ थाने पहुंची। जहां उसने शिकायत कि चार साल पहले पिता ने घर पर अकेला पाकर उसके साथ बलात्कार किया, जब मां को बताया तो पिता ने दोनों को धमकी दी। इसके बाद कई बार उससे बलात्कार किया। 21 मई को जब वह अपनी मां के साथ शादी में अशोकनगर गई थी और घर पर 14 साल की छोटी बहन अकेली थी, तो पिता ने 14 साल की बेटी से भी बलात्कार किया। बहन व मां घर लौटी तो छोटी बहन ने आप बीती सुनाई, लेकिन इस बार भी पिता ने उन्हें धमकी दी। इसके बाद रात में फिर छोटी बहन से बलात्कार का प्रयास किया तो दोनों नाबालिग बहनें उससे छूटकर मां को साथ लेकर आधी रात को ही थाने पहुंच गई।
दोनों नाबालिगों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ बलात्कार, जान से मारने की धमकी व पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया। साथ ही आरोपी पिता को अथाईखेड़ा से गिरफ्तार कर लिया, भागने की फिराक में था और अथाईखेड़ा में सड़क किनारे खड़े होकर बस के आने का इंतजार कर रहा था। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसकी पहचान कर उसे पकड़ लिया और जेल भेज दिया है।
इस संबंध में अरविंदसिंह, थाना प्रभारी बहादुरपुर का कहना है कि पीड़ितों की शिकायत पर पिता के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया और चार-पांच घंटे में ही आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है जो भागने की फिराक में बस के इंतजार में सड़क किनारे खड़ा था। जिसे जेल भेज दिया गया है।



