बेगमगंज में छिपा था गर्लफ्रेंड की दोस्त का हत्याराः बेंगलुरु में हॉस्टल में घुसकर मारे थे चाकू

गर्लफ्रेंड से रिश्ते बिगड़वाने का था शक
रायसेन । कर्नाटक के बेंगलुरु में गर्लफ्रेंड की रूममेट की हत्या करने वाला आरोपी हत्या करने के बाद भोपाल आया वहां से वह बेगमगंज अपने घर घोसी मोहल्ला में आकर छुप गया था।
उसे बेंगलुरु पुलिस ने बेगमगंज पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम अभिषेक घोषी है।
आपको बता दें कि हत्या की ये वारदात 23 जुलाई की है। आरोपी ने बेंगलुरु के एक गर्ल्स हॉस्टल में घुसकर युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। युवती मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवती पर लगातार वार करते दिख रहा है। आरोपी को शक था कि युवती की वजह से गर्लफ्रेंड से उसके रिलेशन खराब हुए हैं।
बेंगलुरु पुलिस लोकेशन ट्रेस करती हुई भोपाल पहुंची। यहां से वह रायसेन होते हुए बेगमगंज पहुंची बेगमगंज पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर पुलिस भोपाल ले गई और यहां से आरोपी को लेकर बेंगलुरू के लिए लेकर रवाना हो गई।
बिहार की रहने वाली 24 साल की कृति कुमारी बेंगलुरु में प्राइवेट मोबाइल कंपनी में सेल्स मार्केटिंग का जॉब करती थी। वह कोरामंगला इलाके में पीजी हॉस्टल में रहती थी। मंगलवार रात हॉस्टल में आए अज्ञात युवक ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी बेंगलुरु से भागकर बेगमगंज आ गया। पूरी घटना हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई ।
पुलिस के मुताबिक आरोपी, कृति की रूममेट का बॉयफ्रेंड है और वह बेरोजगार है। कमरे में अक्सर अभिषेक पुत्र संतोष घोषी का उसकी गर्लफ्रेंड से झगड़ा होता था। जब लड़ाई बढ़ जाती तो कृति बीच-बचाव करती थी। इससे अभिषेक नाराज रहता था।
सूत्रों ने कहा कि कृति ने कथित तौर पर अपनी रूममेट को अभिषेक से दूरी बनाने की सलाह दी थी। इससे आरोपी भड़क गया और उसने कृति की हत्या कर दी।
आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग के लिए बेगमगंज टीआई संतोष सिंह ठाकुर, आरक्षक सौरभ, अंकित, बृजेंद्र, सुरभि की भूमिका रही।



