धार्मिक

भक्तिभाव से हुई मातारानी की प्रतिमा स्थापना, नगर में नवरात्रि का उल्लास

सिलवानी।‌ शारदीय नवरात्रि की शुभ शुरुआत सोमवार से हो चुकी है। नगर में भक्तिमय माहौल के बीच देवी मां के विभिन्न स्वरूपों की प्रतिमाओं की स्थापना श्रद्धा व विधिपूर्वक की जा रही है। देवी भक्तों में नवरात्रि को लेकर खासा उत्साह है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में व्रत रखकर मां की आराधना में लीन हैं।
नगर में सजाए गए मां के भव्य दरबार
सिलवानी के विभिन्न क्षेत्रों में भक्तों ने अपने-अपने अंदाज में मां के दरबार सजाए हैं। कहीं पर आकर्षक झांकियों के माध्यम से मां दुर्गा की गाथा को चित्रित किया गया है, तो कहीं गुफा जैसी संरचनाएं बनाकर देवी दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है।
महाकाली व दुर्गा की प्रतिमाएं बनीं आकर्षण का केंद्र
नगर के काली चौक पर महाकाली की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं शिवाजी नगर पर दुर्गा मां की प्रतिमा की स्थापना बड़े ही धूमधाम के साथ की गई। प्रतिमा को शोभायात्रा के रूप में ले जाकर विधिवत स्थापना की गई।
मंदिरों में शुरू हुई ज्योति कलश स्थापना
नवरात्र के अवसर पर नगर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा ज्योति कलश स्थापित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही, पंडालों में देवी की प्रतिमाएं स्थापित कर पूजन-अर्चना का क्रम प्रारंभ हो गया है। सोमवार को प्रतिमा स्थापना के साथ विधिवत पूजा शुरू हुई।
विशेष पूजन और आरती कार्यक्रम क्रम जारी
नगर के विभिन्न मंदिरों और पंडालों में रोज़ सुबह-शाम विशेष पूजन व आरती का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में माता के दर्शन करने पहुंच रहे हैं, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।

Related Articles

Back to top button