जिले में थम नहीं रहीं चोरी की वारदातें चोर मचा रहे शोर, रात्रि कालीन पुलिस गश्त पर उठने लगे सवाल

परिवार शादी में चोर घर पर:मेन गेट का कुंदा उचकाकर भीतर घुसे, 15 तोला सोना, आधा किलो चांदी समेत नकदी ले गए शातिर चोर
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। रायसेन शहर सहित जिले भर में चोरी की वारदातों का सिलसिला लगातार जारी है। जिले में अब तक पिछले एक सप्ताह में जिला मुख्यालय सहित देवनगर, सलामतपुर, देवरी गौहरगंज, मण्डीदीप समेत अन्य क्षेत्रों में लगभग एक दर्जन मकानों में धावा बोलकर लाखों के सोना चांदी के आभूषणों सहित नकदी चुराकर फरार हो गए।
जिले के बरेली थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवरात सहित नकदी लेकर फरार हो गए। मारुति के रहने वाले रमाकांत द्विवेदी के घर चोरी हुई है। वे रिश्तेदारों की शादी में शामिल होने परिवार सहित छिंदवाड़ा गए थे। घर पर ताला लगा देख चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। रमाकांत द्विवेदी ने बताया कि शुक्रवार को वे शादी में शामिल होकर वापस लौटे तो उनके होश उड़ गए। घर के मेन गेट का कुंदा टूटा हुआ था। भीतर सारा सामान अस्त-व्यस्त था। जहां जहां भी ताला लगाकर गए थे, चाेरों ने सभी को तोड़ दिया। सूचना पर एसडीओपी राजीव जंगले, थाना प्रभारी जगदीश सिंह सिद्धू सहित दलबल के घटना स्थल पहुंचे। द्विवेदी ने बताया कि करीब 15 तोला सोना और आधा किलो चांदी चोर ले गए हैं। बाकी पत्नी के आने के बाद ही कुछ बता पाऊंगा।



