मध्य प्रदेश

परंपराओं पर प्रहार साईखेड़ा में समय से पहले रावण के पुतले में लगाई आग

ग्रामीणों की सूझबूझ से दोबारा बना रावण, उमड़ा जनसैलाब
रिपोर्टर: शिवकुमार साहू
सिलवानी । सिलवानी थाने के अंतर्गत आने वाले ग्राम साईखेड़ा में विजयदशमी के पावन पर्व पर एक बेहद गंभीर और तनावपूर्ण मामला सामने आया है। यहाँ सदियों पुरानी धार्मिक परंपराओं को ताक पर रखते हुए कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की नियत से समय से पहले ही रावण के पुतले में आग लगा दी। इस कायराना हरकत के बाद से पूरे क्षेत्र के नागरिकों और त्योहार समिति में भारी आक्रोश व्याप्त है। हालांकि, ग्रामीणों की अटूट आस्था और सूझबूझ ने उपद्रवियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
*बाइक से आए तीन नकाबपोश, वारदात को अंजाम देकर फरार*
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, दशहरे के दिन मैदान में रामलीला के समापन और रावण दहन की तैयारियाँ अंतिम चरण में थीं। परंपरा के अनुसार, मर्यादा पुरुषोत्तम ‘श्री राम’ के स्वरूप द्वारा विधि-विधान से रावण का दहन किया जाना था। इसी बीच एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक तेजी से मैदान में दाखिल हुए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए रावण के पुतले में आग लगा दी और पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए।
*धार्मिक आस्था पर चोट, राम हुए उदास तो ग्रामीणों ने संभाली कमान*
बिना किसी विधि-विधान और समय से पहले पुतले को जलाए जाने से सनातन परंपराओं का घोर अपमान हुआ, जिससे आयोजन समिति और आम जनता की भावनाएं बुरी तरह आहत हुईं। अचानक हुई इस घटना से एक बार तो रामलीला मंच के कलाकार और ‘प्रभु श्री राम’ का स्वरूप भी उदास हो गए। मैदान में तनाव और असंतोष की स्थिति निर्मित हो गई।
*अटूट हौसला रिकॉर्ड समय में दोबारा तैयार हुआ रावण, उमड़ी भारी भीड़*
उपद्रवियों की इस घिनौनी हरकत के बावजूद साईखेड़ा के नागरिकों ने धैर्य नहीं खोया। ग्रामीणों और रामलीला समिति ने तुरंत एकजुट होकर एक नया रावण का पुतला तैयार करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। चंद घंटों की कड़ी मेहनत के बाद नया पुतला खड़ा किया गया। इस घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों का स्वाभिमान जाग उठा और हर वर्ष की तुलना में इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु मैदान में पहुंचे। इसके बाद पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान श्री राम के हाथों रावण का वध संपन्न हुआ।
*प्रशासन से मांग* *सीसीटीवी खंगालकर उपद्रवियों पर हो रासुका जैसी कार्रवाई*
क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधियों और रामलीला समिति के सदस्यों ने इस घटना की तीखी निंदा की है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं और बाइक सवार तीनों आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने तथा शांति भंग करने की संगीन धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। नागरिकों का कहना है कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button