क्राइम

शिकार के लिए बिछाया था करंट, ग्रामीण की मौत मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जंगली जानवरों के शिकार के उद्देश्य से अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के करंट की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत के मामले में ढीमरखेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से ही फरार चल रहे आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 दिसंबर 2025 को ग्राम झिन्नापिपरिया स्थित ठाकुर बाबा नाला के पास श्रीलाल कुम्हार के खेत के नजदीक आरोपियों द्वारा जंगली जानवरों के शिकार के लिए अवैध रूप से बिजली का तार बिछाकर करंट फैलाया गया था। इसी दौरान झिन्नापिपरिया निवासी भागीरथ कुम्हार करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के निर्देश पर थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मर्ग जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ग्राम गुंडा निवासी अनिल उर्फ बबलू पिता गोरेलाल लोनी 27 वर्ष एवं मनरमन पिता मुन्नीलाल लोनी 37 वर्ष के विरुद्ध धारा 105, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।
न्यायालय में किया गया पेश
पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार किया । आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अभिषेक चौबे, उनि सुरेश चौधरी, सउनि विजेन्द्र तिवारी सहित प्रधान आरक्षक मनोज ठाकुर, दीपक श्रीवास तथा आरक्षक पंकज, अमित शुक्ला, अजय धुर्वे एवं जोगेश्वर कुंजाम की सराहनीय भूमिका रही ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button