*दो सगे भाइयों ने 10वीं-12वीं में टॉप कर बढ़ाया क्षेत्र का मान

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । विकासखंड ढीमरखेड़ा के ग्राम कछार गांव बड़ा से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल कछार गांव बड़ा में अध्ययनरत दो सगे भाइयों ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
कक्षा 12वीं में श्रेयश बागरी, पिता सुभाष बागरी ने गणित संकाय में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया । वहीं उनके छोटे भाई शशांक बागरी ने कक्षा 10वीं में शानदार प्रदर्शन करते हुए 98 प्रतिशत अंक अर्जित कर पूरे संकुल में टॉप किया है।
दोनों सगे भाइयों की इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है । ग्रामीणों, शिक्षकों और परिजनों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
विशेष बात यह है कि दोनों के माता-पिता सरकारी शिक्षक हैं । पिता सुभाष बागरी शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल सिलौंडी में पदस्थ हैं, जबकि माता शासकीय प्राथमिक स्कूल कंजिया में कार्यरत हैं । आज के समय में जहां अधिकांश सरकारी शिक्षक अपने बच्चों को निजी विद्यालयों में पढ़ाना पसंद करते हैं, वहीं सुभाष बागरी ने अपने बच्चों को सरकारी स्कूल में ही पढ़ाकर यह साबित किया है कि मेहनत और लगन से किसी भी मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है।



