अज्ञात कारणों से युवक ने लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस
सिलवानी। सिलवानी थाना अंतर्गत जैथारी चौकी क्षेत्र के ग्राम समनापुर में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सिलवानी भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जवाहर सिंह आदिवासी (32 वर्ष), पिता भक्ति आदिवासी, निवासी ग्राम समनापुर, ग्राम पंचायत अमगवां के रूप में हुई है। बताया गया कि जवाहर सिंह शुक्रवार देर रात बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शनिवार सुबह करीब 6 बजे खेत के पास जंगल में एक पेड़ से गमछे के सहारे उसका शव लटका हुआ मिला। परिजनों द्वारा तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।



