मध्य प्रदेश

क्षेत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे समाजसेवी चन्दकांत चंदू चौरसिया

आईटीआई, 100 बिस्तरीय अस्पताल, उमरियापान सिहोरा सड़क सहित 10 प्रमुख मांगों को लेकर न्यू बस स्टैंड में शुरू किया आंदोलन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । क्षेत्र की विभिन्न लंबित समस्याओं और विकास कार्यों की मांग को लेकर समाजसेवी चन्दकांत चंदू चौरसिया द्वारा 1 सितंबर से उमरियापान के न्यू बस स्टैंड में अनिश्चित कालीन अनशन शुरू किया गया है । उनका कहना है कि क्षेत्र की मूलभूत एवं विकास संबंधी समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन को कई बार ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हो सका है ।
समाजसेवी चन्दकांत चंदू चौरसिया ने क्षेत्र के विकास के लिए 10 प्रमुख मांगें शासन- प्रशासन के समक्ष रखी हैं । इनमें उमरियापान में आईटीआई भवन का निर्माण कर आईटीआई प्रारंभ करने, 100 बिस्तरीय अस्पताल का निर्माण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने तथा उमरियापान से सिहोरा सड़क का निर्माण कराने की मांग प्रमुख है ।
इसके अलावा उमरियापान के दोनों चिन्हित स्थानों पर बस स्टैंड का निर्माण, उमरियापान में एसडीएम कोर्ट की स्थापना, कृषि उपज मंडी को स्वीकृति देकर उसकी स्थापना, भारत के केंद्र बिंदु में प्रस्तावित उद्योग की स्थापना तथा ग्राम पंचायत बम्हनी में स्वीकृत भूमि पर खेल मैदान का निर्माण कराने की मांग की गई है ।
उन्होंने सीएम राइज स्कूल के स्वीकृत भवन का निर्माण कार्य अतिशीघ्र शुरू कराने तथा उमरियापान की मुख्य सड़क झंडा चौक से बस्ती तक सड़क निर्माण कराने की मांग भी रखी है ।
चन्दकांत चंदू चौरसिया ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर पूर्व में भी अनेक बार शासन एवं प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ । इसी के चलते उन्होंने अनिश्चित कालीन अनशन का निर्णय लिया है ।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक क्षेत्र की प्रमुख मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन अनशन जारी रहेगा । क्षेत्रीय जनों में साधन मन्नू चौरसिया पंच उमरियापान, दादा भाई चौरसिया, सोमनाथ चौरसिया, सुक्की गुप्ता, अनूप चौरसिया, सत्यम बिट्टू चौरसिया, संदीप चौरसिया, संदीप विश्वकर्मा, जग्गू चौरसिया सहित ग्रामीण जनों ने आंदोलन के माध्यम से शासन-प्रशासन से क्षेत्र की लंबित मांगों पर शीघ्र अमल करने की अपील की है ।

Related Articles

Back to top button