मध्य प्रदेश

भाजपा नेताओं के घर के बाहर प्रदर्शन कर बजाई स्मृति ईरानी की घोषणा की ऑडियो, सौंपा स्मरण पत्र

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  सिहोरा को जिला बनाने की मांग एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गई है ।  लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति ने भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी द्वारा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सिहोरा में की गई घोषणा को आधार बनाकर भाजपा के स्थानीय नेताओं से इस दिशा में ठोस पहल करने की मांग की है ।
समिति का कहना है कि 15 नवंबर 2023 को विधानसभा चुनाव से ठीक दो दिन पहले सिहोरा बस स्टैंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्मृति ईरानी ने भाजपा प्रत्याशी को जीत दिलाने पर सिहोरा जिला बनाने के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री तक स्वयं ले जाने की बात कही थी। चुनाव के बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बने करीब तीन वर्ष होने को हैं, लेकिन समिति के अनुसार इस घोषणा को आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय भाजपा संगठन और सिहोरा विधायक की ओर से अपेक्षित पहल दिखाई नहीं दे रही है ।
इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति के सदस्यों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष सतीश पटेल और पूर्व मंडल अध्यक्ष अंकित तिवारी के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान समिति ने स्मृति ईरानी की उस समय की घोषणा की ऑडियो भी बजाई और दोनो को स्मरण पत्र सौंपते हुए मांग की कि सिहोरा जिला बनाने के लिए स्मृति ईरानी के प्रभाव और सहयोग का उपयोग किया जाए ।
*राष्ट्रीय स्तर के आश्वासन का उपयोग भी न कर सके सिहोरा के नेता*
समिति के सदस्यों ने कहा कि जब भाजपा की राष्ट्रीय स्तर की प्रभावशाली नेता स्वयं सिहोरा जिला के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री तक ले जाने की बात कह चुकी हैं, तो स्थानीय संगठन को उनके सहयोग से इस मांग को आगे बढ़ाने में पहल करनी चाहिए ।  समिति का कहना है कि अब भाजपा के सामने यह साबित करने की चुनौती है कि चुनाव के दौरान किए गए वादे और घोषणाएं केवल राजनीतिक मंच तक सीमित नहीं थीं, बल्कि उन्हें पूरा कराने के लिए पार्टी गंभीरता से प्रयास भी करती है ।
समिति ने कहा कि यदि स्थानीय भाजपा नेतृत्व और विधायक इस दिशा में कोई पहल नहीं करते हैं तो जनता के बीच यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि चुनाव के समय की गई घोषणाओं को पूरा कराने के लिए पार्टी कितनी गंभीर है।
*मंच पर मौजूद नेताओं के घर पहुंचेगी समिति*
आंदोलन समिति के सदस्यों ने बताया कि 15 नवंबर 2023 को स्मृति ईरानी की घोषणा के समय मंच पर मौजूद रहे भाजपा नेताओं के घर जाकर उन्हें भी स्मरण पत्र सौंपे जाएंगे । इसी क्रम में बुधवार को मंडल अध्यक्ष सतीश पटेल और पूर्व अध्यक्ष अंकित तिवारी के निवास के बाहर प्रदर्शन किया गया ।
समिति ने घोषणा की कि शुक्रवार को भाजपा नेता शिशिर पांडे के निवास पर प्रदर्शन कर उन्हें भी स्मरण पत्र सौंपा जाएगा ।
  गुरुवार को हुए प्रदर्शन में समिति के अनिल जैन, कृष्णकुमार कुररिया, संजय पाठक,संतोष वर्मा, अनिल खंपरिया रामजी शुक्ला, मोहन सोंधिया, संतोष पांडे, प्रदीप दुबे, सुमित शुक्ला आदि मौजूद थे ।

Related Articles

Back to top button