शाहडार की सड़क पर नजर आया बाघ, वीडियो सामने आते ही वन विभाग अलर्ट

रिपोर्टर: सतीश चौरसिया
उमरियापान। ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र के शाहडार जंगल में रविवार को उस समय लोगों में दहशत फैल गई, जब मुख्य सड़क पर एक बाघ टहलता हुआ दिखाई दिया। सड़क से गुजर रहे कार सवार राहगीरों ने सुरक्षित दूरी से बाघ का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया । कुछ देर सड़क पर विचरण करने के बाद बाघ जंगल की ओर चला गया ।
वीडियो सामने आने के बाद शाहडार सहित आसपास के ग्रामीणों और इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों में वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र में पहले भी बाघ और तेंदुए जैसे वन्यजीवों की आवाजाही देखी जाती रही है।
*उमरिया और बांधवगढ़ क्षेत्र से जुड़ा वन्यजीव कॉरिडोर*
शाहडार का वन क्षेत्र उमरिया जिले और बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से जुड़े वनक्षेत्रों के आसपास स्थित है । वन क्षेत्र में बाघ और अन्य हिंसक वन्यजीवों की आवाजाही के कारण ग्रामीणों को लगातार सतर्क रहने की जरूरत बनी रहती है । सड़क पर बाघ दिखाई देने के बाद इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
*वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, लोगों से सतर्क रहने की अपील*
बाघ के सड़क पर दिखाई देने की सूचना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने की बात कही है । विभाग ने ग्रामीणों और राहगीरों से वन्यजीव दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है ।
वन विभाग के अनुसार, जंगल मार्ग पर रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचना चाहिए। बाघ या किसी अन्य वन्यजीव के सामने आने पर वाहन से बाहर नहीं निकलना चाहिए और न ही हॉर्न बजाकर उसे परेशान या उकसाने का प्रयास करना चाहिए । मोबाइल से फोटो या वीडियो बनाने के लिए वाहन से उतरना भी जोखिम भरा हो सकता है ।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों की मौजूदगी को देखते हुए सावधानी बरतें और किसी भी स्थिति में उनके नजदीक जाने का प्रयास न करें ।



