शिकायतों के बावजूद कार्यवाई नहीं होने से आक्रोशित महिलाओं ने शराब से लदी गाड़ी को रोका

महिलाओं ने शराब की पेटियों को पैरों से कुचलकर अपना आक्रोश जताया
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। उमरियापान थाना अंतर्गत ग्राम घुधरा में कथित अवैध शराब पैकारी को लेकर ग्रामीणों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है । ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अवैध रूप से शराब की पैकारी संचालित की जा रही है । इसे बंद कराने को लेकर ग्रामीणों द्वारा कई बार उमरियापान पुलिस से शिकायत की गई और लिखित शिकायत पत्र भी सौंपे गए, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है ।
शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर शनिवार की सुबह बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं और पुरुष एकजुट होकर अवैध शराब पैकारी के विरोध में सामने आए । ग्रामीणों का कहना था कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी यदि शराब की अवैध बिक्री पर रोक नहीं लगती है, तो ग्रामीणों को स्वयं विरोध करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है ।
इसी दौरान शराब लेकर एक चार पहिया वाहन गांव पहुंचा । वाहन को देखते ही ग्रामीणों ने उसे रोक लिया और वाहन में रखी शराब की पेटियों को बाहर निकाल लिया । मौके पर मौजूद महिलाओं और पुरुषों ने शराब की पेटियों को पैरों से कुचलकर अपना आक्रोश जताया । इस दौरान ग्रामीणों ने वाहन चालक को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा गांव में शराब लेकर नहीं आना, अन्यथा ग्रामीण इसका पुरजोर विरोध करेंगे ।
घटना के बाद काफी देर तक गांव में विरोध का माहौल बना रहा । ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब की अवैध बिक्री से सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है । उनका आरोप है कि शराब की उपलब्धता के कारण कई परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा घरेलू माहौल पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है । ग्रामीण महिलाओं ने विशेष रूप से मांग की है कि गांव में अवैध शराब की बिक्री और पैकारी पर पूरी तरह रोक लगाई जाए ।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से यह भी मांग की गई है कि गांव में यदि अवैध रूप से शराब की बिक्री या पैकारी संचालित हो रही है तो उसे तत्काल बंद कराया जाए और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए ।
ग्रामीणों का कहना है कि वे गांव में शांतिपूर्ण माहौल चाहते हैं और इसी उद्देश्य से लगातार प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कर रहे हैं ।



