मध्य प्रदेश

सिलौड़ी की ज्वेलरी दुकान में चोरी का खुलासा, तीन महिलाएं गिरफ्तार

भीड़ के बीच 1,52 लाख के सोने के जेवर उड़ाए थे, पुलिस ने पूरा माल किया बरामद
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सिलौड़ी में ज्वेलरी दुकान पर भीड़ का फायदा उठाकर सोने के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 1.52 लाख कीमत के सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार सिलौड़ी निवासी ज्वेलरी व्यवसायी अमित प्रसाद सोनी (40) ने 1 सितंबर को ढीमरखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी । उन्होंने बताया कि दुकान पर ग्राहकों की काफी भीड़ थी । इसी दौरान तीन महिलाएं जेवर देखने के बहाने दुकान में आईं और भीड़ का फायदा उठाकर सोने के आभूषण लेकर वहां से निकल गईं ।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 499/26 के तहत धारा 303(3), 5 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की । जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर सुमन उर्फ रोशनी (40), लक्ष्मी उर्फ नेहा (50) और तरूणा उर्फ तनू (27) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की । पुलिस के मुताबिक पूछताछ में तीनों महिलाओं ने चोरी की वारदात स्वीकार की । इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के जेवर बरामद कर लिए ।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में की गई ।
कार्रवाई में निरीक्षक महिमा रघुवंशी, उपनिरीक्षक अनिल पांडे, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा, आरक्षक धर्मवीर सिंह, आरक्षक रामसेवक विश्वकर्मा एवं महिला आरक्षक शिवानी पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।

Related Articles

Back to top button